शेरपुर के प्रियेश राय उत्तर प्रदेश यूथ नेशनल वॉलीबॉल टीम के कोच नियुक्त

गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के शेरपुर कला गांव निवासी प्रियेश कुमार राय को उत्तर प्रदेश यूथ नेशनल वॉलीबॉल टीम का कोच नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

प्रियेश कुमार राय, पुत्र डॉ. राधेश्याम राय, स्वयं एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने सीनियर नेशनल, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स तथा ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश वॉलीबॉल टीम का प्रतिनिधित्व किया है। वर्ष 2025 में उन्होंने लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन, ग्वालियर से एनआईएस डिप्लोमा उत्तीर्ण किया, जो खेल प्रशिक्षण के क्षेत्र में प्रतिष्ठित योग्यता मानी जाती है।

उनके मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश यूथ नेशनल वॉलीबॉल टीम का प्रशिक्षण शिविर 3 मार्च से वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

प्रियेश राय ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पिता डॉ. राधेश्याम राय को दिया, जो काशी विद्यापीठ में खेल प्रशिक्षक हैं।

उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह उपलब्धि न केवल शेरपुर बल्कि पूरे गाजीपुर जनपद के लिए गर्व का विषय है और इससे युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!