संवाददाता:- चंदन पांडेय भांवरकोल (गाजीपुर)। भांवरकोल थाना क्षेत्र के धनेठा गांव में शनिवार सुबह करीब 11 बजे हरेंद्र यादव पुत्र शिवबदन यादव की मड़ई में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से मड़ई में रखा गृहस्थी का सामान और दूध बिक्री से प्राप्त नकदी जलकर राख हो गई। वहीं, आग की चपेट में आने से एक गाय भी झुलसकर जख्मी हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय हरेंद्र यादव के परिजन घर पर मौजूद नहीं थे। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक मड़ई में रखा सामान जल चुका था। आग लगने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया।
स्थानीय लेखपाल सहदेव सिंह ने बताया कि मड़ई में आग लगने की सूचना मिली है। मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया जाएगा।









