गाजीपुर। भांवरकोल स्थानीय थाना क्षेत्र के लोचाईन गांव के पास सुखडेहरा–अवथहीं मार्ग पर रविवार की शाम लगभग 3 बजे साइकिल और बाइक की आमने-सामने टक्कर में 12 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चालक घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार लोचाईन निवासी अमित कुमार (पुत्र रविंद्र कुमार) साइकिल से सुखडेहरा गांव में क्रिकेट देखकर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल मुहम्मदाबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक भी दुर्घटना में घायल हुआ है, जिसका उपचार कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मां मातारीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अमित गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। पिता रविंद्र कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
थाना प्रभारी संतोष कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।










