भांवरकोल/गाजीपुर। विजयादशमी के अवसर पर बसनिया स्थित रेड रोजेज स्कूल में रामलीला मंचन और रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान श्रीराम के आदर्शों और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप में सजे विद्यार्थी द्वारा धनुष-बाण से रावण के पुतले पर निशाना साधना रहा। विद्यार्थियों ने स्वयं रावण का पुतला तैयार किया था, जिसे सोशल मीडिया के प्रतीकों और विभिन्न सामाजिक संदेशों के माध्यम से आकर्षक रूप दिया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और उपस्थित लोगों में उत्साह देखने को मिला।


आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि रावण का प्रतीकात्मक अर्थ अहंकार, क्रोध, लोभ और ईर्ष्या जैसी बुराइयों से भी जुड़ा है। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए सत्य, सदाचार, अनुशासन और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
विद्यालय परिवार के अनुसार, शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का विकास करना भी है। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें अपनी परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।









