संवाददाता:- राहुल पटेल भांवरकोल (गाजीपुर)। स्थानीय बीआरसी केंद्र पर खंड शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार पांडेय की अध्यक्षता में ‘कैच-अप करो, निपुण बनाओ’ अभियान की समीक्षा बैठक हुई। इसमें नोडल शिक्षक संकुल, अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) और स्टेट रिसोर्स ग्रुप (एसआरजी) के सदस्यों ने भाग लिया।
बीईओ ने सभी विद्यालयों में बच्चों से नियमित कार्यपत्रक भरवाने, उनकी फोटो साझा करने और मिडलाइन असेसमेंट समय से पूरा कर डेटा गूगल फॉर्म पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षाओं में विभागीय पोस्टर और शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) का उपयोग बढ़ाने तथा कमजोर बच्चों के लिए उपचारात्मक शिक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों और अकादमिक सदस्यों ने नियमित निगरानी व सहयोग के जरिए निर्धारित समय सीमा में ब्लॉक को निपुण बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान रितेश सिंह, अमित कुमार राय, रविशंकर राय, नसीम अंसारी, मु. आलिम हुसैन, शशि भूषण श्रीवास्तव, पंकज पांडेय, तुलसी प्रसाद धुसिया, धर्मेंद्र कुमार, चिरंजीव लाल गुप्ता, संजीव कुमार पांडेय और रत्नाकर द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









