संवाददाता:- इंद्रसेन कुमार उतरांव। करीमुद्दीनपुर थाना परिसर में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कमसड़ी गांव के प्रधान रामवसंत यादव के नेतृत्व में भीम आर्मी के सदस्यों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में थानाध्यक्ष को बर्खास्त करने और मुकदमा वापस लेने संबंधी तख्तियां लेकर नारेबाजी की। क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय के दोबारा जांच कराने और निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन पर दोपहर करीब एक बजे धरना समाप्त हुआ।
थानाध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय के अनुसार, कमसड़ी गांव निवासी रविंद्र नाथ राय पुत्र विश्वनाथ राय ने शिकायत की थी कि ग्राम प्रधान रामवसंत यादव समेत आठ लोगों ने उनका बना हुआ मकान गिराकर उनकी भूमि पर डराने-धमकाने के बाद रास्ता बनवा दिया। पुलिस ने राजस्व टीम से भूमि की जांच कराई, जिसमें संबंधित जमीन रविंद्र राय के नाम दर्ज पाई गई। इसके बाद उनकी तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ भूमि पर कब्जा करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई।
वहीं, प्रदर्शन कर रहे भीम आर्मी के सदस्यों और ग्राम प्रधान पक्ष का कहना था कि संबंधित भूमि सरकारी है। इसी विवाद को लेकर प्रदर्शनकारियों ने मुकदमे को गलत बताते हुए उसे वापस लेने की मांग की।
क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए दोबारा जांच कराने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में प्राथमिकी गलत पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया।
थानाध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि प्राथमिकी राजस्व कर्मियों की जांच के बाद दर्ज की गई है। प्रदर्शन में भीम आर्मी के पदाधिकारी हरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, बसंत यादव, डम्पी, अनुज कुमार, विनोद कुमार और रामबचन यादव सहित अन्य लोग शामिल रहे।









