गाजीपुर। आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मुहम्मदाबाद कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में होलिका दहन, होली बारात एवं रमजान से जुड़े आयोजनों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने कहा कि यह क्षेत्र हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि होली और ईद जैसे पर्व प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार के नाम पर कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे शांति व्यवस्था भंग हो या किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित लोगों ने होलिका दहन स्थलों को समय से खाली कराने तथा त्योहारों के दौरान बिजली और पानी की आपूर्ति सुचारु रखने की मांग भी रखी।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रईस अंसारी, प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी सहित सुनील चौधरी, अभय वर्मा, संजीव गिहार, सितारा देवी, लड्डू अंसारी, बृजलाल यादव, हरिश्चंद्र यादव, अमित चौरसिया, कन्हैयालाल गुप्ता और रामविलास यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रभारी निरीक्षक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।










