गाज़ीपुर। संवाददाता।
जनपद के कोतवाली मुहम्मदाबाद क्षेत्र के दाउदपुर गांव में रंजिश के चलते मोटरसाइकिल में आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित कमालुद्दीन पुत्र स्व. मियाजान ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपित युवकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना 25/26 फरवरी की मध्यरात्रि लगभग 12:15 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित के अनुसार करीब पांच दिन पूर्व पड़ोस के दो युवकों से बकरी के खेत में चरने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश में दोनों युवक रात के समय घर के बरामदे में खड़ी मोटरसाइकिल पर पेट्रोल डालकर आग लगाकर फरार हो गए।
चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मोटरसाइकिल पूरी तरह जल चुकी थी। आगजनी की घटना में बरामदे में लगा बिजली मीटर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पीड़ित के अनुसार मोटरसाइकिल व अन्य क्षति मिलाकर लगभग 86,000 रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।










