रसूलपुर में आग से दो झोपड़ियां राख, एक बछड़े की मौत, लाखों का नुकसान

भांवरकोल (गाजीपुर)। संवाददाता।

स्थानीय थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम लगभग 7:30 बजे अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग में दो झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग की चपेट में आकर हजारों रुपये मूल्य का सामान नष्ट हो गया तथा एक बछड़े की जलकर मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार रसूलपुर निवासी विनोद पटेल पुत्र दुखंनती पटेल की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर पास की दूसरी झोपड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में एक गाय और दो बछड़े झुलस गए, जिनमें से एक बछड़े की मौके पर ही मृत्यु हो गई। आग में चार जुगाड़ गाड़ियां, गन्ना पिराई की दो गाड़ियां, चौकी, बिछौना सहित अन्य गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास में सोनू पटेल भी झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन हरकत में आया। संतोष कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया। वहीं राजस्व निरीक्षक मंगला प्रसाद ने बताया कि सरकारी सहायता दिलाने हेतु रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। क्षेत्रीय लेखपाल आयुषी मिश्रा ने भी मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने की बात कही।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!