सिद्धार्थ राय की मौजूदगी में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 1,835 लाभार्थियों को वितरित की सहायता सामग्री

गाजीपुर। संवाददाता।

जनपद में आयोजित महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सिद्धार्थ राय की सक्रिय मौजूदगी चर्चा का केंद्र रही। उनके विशेष आमंत्रण और समन्वय में आयोजित कार्यक्रम में आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे के दौरान विभिन्न योजनाओं के 1,835 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं सहायता सामग्री वितरित की।

पूर्वाह्न 10 बजे पुलिस लाइन सभागार पहुंचीं राज्यपाल ने दिव्यांग बच्चों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान सिद्धार्थ राय भी बच्चों के बीच मौजूद रहे और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया। राज्यपाल ने बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें व्हीलचेयर सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए। बच्चों द्वारा ‘तारे ज़मीन पर’ गीत पर प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि सरकार गरीबों, वंचितों और दिव्यांगजनों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

सिद्धार्थ राय ने कहा कि जनपद में विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्राथमिकता है, ताकि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

मुख्य कार्यक्रम में 200 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को प्री-स्कूल किट, 10 लाभार्थियों को पोषण पोटली, 100 आयुष्मान कार्ड, स्वामित्व योजना के तहत 300 घरौनी, मुख्यमंत्री आवास योजना के 200 लाभार्थियों को आवास की चाबी, 100 किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के स्वीकृति प्रमाणपत्र, 150 लाभार्थियों को पीएम सूर्य योजना के प्रमाणपत्र, 100 अंत्योदय राशन कार्ड, श्रम विभाग की योजनाओं के 225 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के 250 लाभार्थियों को डमी चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने आभार व्यक्त किया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!