पंचायत सहायक नियुक्ति में गड़बड़ी का आरोप दूसरे व्यक्ति से कराया जा रहा काम, मानदेय भुगतान जारी

रिपोर्ट:- चंदन पांडेय संवाददाता भांवरकोल।

गाजीपुर। पंचायत सहायक की नियुक्ति के बावजूद उससे काम न कराकर किसी अन्य व्यक्ति से कार्य लिए जाने और अधिकारियों की कथित मिलीभगत से मानदेय का भुगतान जारी रहने का गंभीर मामला सामने आया है। भांवरकोल विकासखंड क्षेत्र के लोचाईन गांव निवासी सुशील कुमार खरवार ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, ग्रामीणों को सरकारी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत भवन का निर्माण कर पंचायत सहायक की नियुक्ति की गई है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। लेकिन भांवरकोल विकासखंड क्षेत्र के लोचाईन गांव में यह व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रही है। आरोप है कि नियुक्त पंचायत सहायक द्वारा पंचायत सचिवालय नियमित रूप से नहीं खोला जाता और उनके स्थान पर कोई अन्य व्यक्ति कार्य कर रहा है, फिर भी प्रधान और सचिव की कथित मिलीभगत से मानदेय का भुगतान लगातार किया जा रहा है।

रजिस्टर में फर्जी हस्ताक्षर का आरोप

शिकायत में यह भी कहा गया है कि पंचायत सहायक रंजना कुमारी गांव से लगभग 60 किलोमीटर दूर रहकर पढ़ाई कर रही हैं, ऐसे में उनका नियमित रूप से पंचायत भवन में बैठकर कार्य करना संभव नहीं है। आरोप है कि वह माह में कभी-कभार आकर उपस्थिति रजिस्टर पर पूरे महीने के हस्ताक्षर कर देती हैं या फिर रजिस्टर में फर्जी हस्ताक्षर दर्ज कर मानदेय प्राप्त कर लिया जाता है।

इस संबंध में एडीओ पंचायत अजय मिश्रा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

और पढ़ें

error: Content is protected !!