रिपोर्ट: इंद्रसेन संवाददाता बाराचवर।
गाजीपुर/बाराचवर। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ हो रही हैं। इसे देखते हुए सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र वितरित किए जा रहे हैं और परीक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में हीरा ज्ञानोदय इंटर कॉलेज, भरौली कला में कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों का विद्यालय में अंतिम दिन रहा, जो भावुकता और यादगार पलों से भरा रहा।

लंबे समय तक साथ पढ़ाई करने के बाद छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे से विदाई ली। इस दौरान कई छात्राएं एक-दूसरे से गले लगाकर रोती नजर आईं, जिससे पूरा माहौल भावुक हो गया। सहपाठियों और शिक्षकों के साथ बिताए गए वर्षों की यादें विद्यार्थियों के चेहरे पर साफ झलक रही थीं।
प्रधानाचार्य जय कुमार यादव ने सभी छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें और निरंतर मेहनत करते रहें, क्योंकि परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों ने भी विद्यालय में बिताए 12 वर्षों के सफर को याद करते हुए अपने शिक्षकों और विद्यालय की सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक वीरेंद्र कुमार यादव, प्रधानाचार्य जय कुमार यादव, सहायक शिक्षक हीरा सिंह यादव, अशोक जायसवाल, अजय यादव, अंजलि प्रसाद, नाजिया, अंजली गुप्ता और राधेश्याम यादव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।










