गाजीपुर। भांवरकोल अवैध खनन परिवहन और राजस्व चोरी पर लगाम कसने के लिए भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय और खनन विभाग ईश्वर चंद ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। उनकी अगुवाई में खनन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बिहार से आ रहे पांच बालू लदे ट्रकों का चालान किया गया। इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय और खनन विभाग निरीक्षक ईश्वर चंद्र के साथ संयुक्त टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास पखनपुरा क्षेत्र में चेकिंग की। जांच के दौरान पाया गया कि बिहार से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर रहे ट्रकों के पास अंतरराज्यीय परिवहन परमिट (ISTP), वैध चालान, रॉयल्टी और जीएसटी से जुड़े आवश्यक दस्तावेज अधूरे थे। नियमों के उल्लंघन पर पांचों ट्रकों पर कुल 1,43,750 रुपये का जुर्माना लगाया गया और वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कराया गया।
खनन निरीक्षक ईश्वर चंद्र ने बताया कि बिना वैध दस्तावेज के बालू परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय और खनन विभाग की सक्रियता से न केवल अवैध खनन पर रोक लगेगी बल्कि एनएच-31 पर जाम की समस्या भी कम होगी।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और राजस्व चोरी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ निरंतर अभियान चलता रहेगा।










