गाजीपुर। मुहम्मदाबाद नगर में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका नया बड़ा टैंक बनवा रही है। अग्रसेन तिराहा मुख्य मार्ग पर बीआरसी गेट के पास बन रहे इस टैंक में विभिन्न मुहल्लों का गंदा पानी एकत्र किया जाएगा।
इसके बाद मोटर पंप के जरिए पानी करीब 600-700 मीटर दूर जफरपुरा स्थित ड्रेन में पहुंचाया जाएगा। अग्रवाल टोली, आतिशबाज मुहल्ला सहित अन्य इलाकों और रामलीला मैदान में जलजमाव से राहत दिलाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की जा रही है।
इससे पहले मगई नदी से अग्रसेन तिराहे तक करोड़ों रुपये की लागत से ड्रेन बनाई गई थी, लेकिन मुख्य नालों से जुड़ने के बाद पानी की निकासी के बजाय उल्टा बहने लगा। इसके चलते पुरानी व्यवस्था प्रभावी नहीं हो सकी।
नगर पालिका का लक्ष्य आगामी दशहरा से पहले रामलीला मैदान में जलजमाव की समस्या दूर करना है। हालांकि, निर्माणाधीन टैंक का गड्ढा फिलहाल गंदे पानी से भरा होने के कारण खतरा बना हुआ है।










