गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह 15 अगस्त के स्कूल कार्यक्रम के बाद ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर गए स्कूली छात्रों पर बाइक सवार युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में रोहित सिंह घायल हो गया। परिजनों ने हमलावरों पर पीछा करने, फायरिंग करने और बाद में रोहित को पिहुली ले जाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटना में एक राउंड फायरिंग की पुष्टि की है।
परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे 15 अगस्त के स्कूल कार्यक्रम के बाद रोहित सिंह अपने साथी आदित्य उर्फ झब्बर के साथ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर तस्वीरें लेने गया था। इसी दौरान ताजपुर की ओर से बाइक सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने दोनों छात्रों का पीछा किया और उन पर फायरिंग कर दी।
परिजनों का कहना है कि पहली गोली से दोनों छात्र बाल-बाल बच गए। इसके बाद दोबारा फायरिंग किए जाने से घबराकर छात्रों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। आदित्य मौके से भाग निकला, जबकि रोहित वहीं गिर गया।
आरोप है कि बाइक सवार युवक रोहित को अपने साथ पिहुली की तरफ ले गए। करीब सात किलोमीटर दूर पानी की टंकी के पास बाइक खड़ी करने के बाद उसे करीब 600 मीटर दूर एक बगीचे में ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट में रोहित की पीठ और चेहरे पर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग बताए गए स्थान पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी कथित रूप से रोहित को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस रोहित को थाने लेकर आई और उससे घटना के संबंध में पूछताछ की। उसकी बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
घटना के बाद कुछ लोगों की ओर से हमलावरों के गैंग से जुड़े होने की बात भी कही गई, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष राज नारायण सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला स्कूली छात्रों के बीच पुराने विवाद से जुड़ा सामने आया है। घटना में एक राउंड फायरिंग की पुष्टि हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल युवकों और उनकी बाइक की तलाश एवं जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक अभी तक सामने आए तथ्यों के आधार पर इसे गैंगवार नहीं कहा जा सकता। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।










