मुहम्मदाबाद के इनामी बदमाश नाबालिग बच्चियों के अपहरण का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार….

गाजीपुर। सैदपुर थाना पुलिस ने नाबालिग बच्चियों के अपहरण के मामले में मुख्य वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त संजय बिंद उर्फ बुझारत बिंद को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की देर रात गश्त और चेकिंग के दौरान प्रभारी निरीक्षक सैदपुर को सूचना मिली कि 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी सादात की ओर से गाजीपुर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने अहिरौली गांव के पास प्राइवेट आईटीआई की पुरानी पिच रोड पर घेराबंदी की।

इसी दौरान सादात की ओर से आ रहे बदमाश को रोकने का प्रयास किया गया। उसकी अपाचे मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर 5-6 राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी।

घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखे, दो मोटरसाइकिल और 1,300 रुपये नकद बरामद किए गए।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय बिंद उर्फ बुझारत बिंद पुत्र बुची बिंद, निवासी अकटहिया, थाना मुहम्मदाबाद, हाल पता बाकरबाद महराजगंज, थाना कोतवाली गाजीपुर, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के खिलाफ गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में 15 मुकदमे दर्ज हैं। सैदपुर थाने में भी उसके खिलाफ 2021 और 2026 में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह, उपनिरीक्षक अनोज कुमार सिंह समेत सैदपुर पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने घायल अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!