संदिग्ध हालात में 10 वर्षीय किशोर की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में मंगलवार शाम करीब चार बजे 10 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी मनोज पाल के पुत्र हर्ष के रूप में हुई है।

बताया गया कि हर्ष खेत में रोपी गई मिर्च की फसल में पानी डालने के लिए गांव के सिवान में गया था। इसी दौरान खेत के पास तालाबनुमा गड्ढे के समीप वह संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। जानकारी मिलते ही परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

किशोर की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों द्वारा डूबने की आशंका जताई जा रही है, जबकि परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि गड्ढे में पानी काफी कम था, जिससे मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह गहरा रहा है।

सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। किशोर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!