रिपोर्ट:- चंदन पांडेय। भांवरकोल/गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के मच्छटी गांव स्थित एमएस नेशनल इंटर कॉलेज की एनसीसी इकाई की ओर से गांव में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित ढंग से मार्च कर रहे एनसीसी कैडेटों ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और आमजन में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था। कैडेटों ने अमर स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए लोगों से हर घर तिरंगा फहराने की अपील की।
यात्रा में प्रधानाचार्य सेराज अहमद, एनसीसी अधिकारी शकील अहमद (एएनओ) सहित विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट शामिल रहे। समापन पर अमर शहीदों को नमन कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया गया।










