भांवरकोल के मसोंन में जनचौपाल, 24 से अधिक शिकायतों का मौके पर निस्तारण…

भांवरकोल। स्थानीय विकास खंड के मसोंन ग्राम सभा में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, स्वयं सहायता समूह और कैटल शेड सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया तथा कई आवेदनों पर आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूरी कराई।

जनचौपाल के बाद उपजिलाधिकारी मोहम्मदाबाद ध्रुव शुक्ला ने क्षेत्रीय गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 77 गोवंश संरक्षित मिले। उन्होंने पशुओं के चारा, पानी, चिकित्सा व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजन राय, पंचायत सचिव सोमनाथ शुक्ला, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक गौरव, पंचायत सहायक अभिमन्यु सिंह कुशवाहा, सफाई कर्मी रविकांत रावत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!