*लोचाईन व दहिनवर में ट्रांसफार्मर फुंकने से 150 घरों की बिजली गुल, भीषण गर्मी में ग्रामीण बेहाल*

भांवरकोल। क्षेत्र के लोचाईन और दहिनवर गांव में 25-25 केवीए के दो ट्रांसफार्मर जल जाने से करीब 150 घरों की बिजली आपूर्ति पिछले तीन दिनों से ठप है। भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार लोचाईन गांव में विश्वकर्मा मंदिर के पास लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर तेज आवाज के साथ जल गया। वहीं दहिनवर गांव में शहीद बाबा स्थल के समीप स्थित 25 केवीए का ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया है। दोनों ट्रांसफार्मरों के फुंक जाने से सैकड़ों परिवारों के घरों की बिजली पूरी तरह बंद हो गई है।

बिजली संकट के कारण पेयजल की समस्या भी गंभीर हो गई है। मोटर नहीं चलने से लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और बुजुर्गों व मरीजों की देखभाल भी प्रभावित हो रही है। 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान और लू के बीच बिजली न होने से लोगों का बुरा हाल है।

ग्रामीण बीर बहादुर ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और जेई को दी गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है।

ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड से तत्काल हस्तक्षेप कर 24 घंटे के भीतर नए ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे बिजली उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

इस संबंध में एसडीओ अमित कुमार राय ने बताया कि शिकायत प्राप्त होते ही आवश्यक कार्रवाई कर ट्रांसफार्मर बदलवाने की व्यवस्था की जाएगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!