गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के फखनपुरा खेल मैदान पर पूर्व प्रधान मरहूम अब्दुल वाजिद की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। मुकाबले में पूर्वांचल फुटबॉल क्लब पखनपुरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जबूरना फुटबॉल टीम को 2-0 से पराजित कर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन मरहूम पूर्व प्रधान अब्दुल वाजिद की याद में उनके पुत्र अयाज सिद्दीकी द्वारा कराया जा रहा है। टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि रिवाइडल ग्लोबल इंग्लिश स्कूल के प्रबंधक ने फीता काटकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए खेल भावना, अनुशासन और फेयर गेम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खिलाड़ियों का प्रदर्शन और अनुभव होता है, जो उन्हें भविष्य में बेहतर खिलाड़ी बनने की प्रेरणा देता है।
मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। दोनों ओर से कई बेहतरीन मूव बने, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपरों के शानदार प्रदर्शन के चलते कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। पहले हाफ के समाप्त होने तक मुकाबला 0-0 की बराबरी पर रहा।
दूसरे हाफ में खेल और अधिक रोमांचक हो गया। दोनों टीमों ने बढ़त हासिल करने के लिए लगातार आक्रमण किए। इसी बीच 25वें मिनट में पूर्वांचल एफसी पखनपुरा के खिलाड़ी मु. कैस ने शानदार खेल दिखाते हुए पहला गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
पहले गोल के मात्र तीन मिनट बाद 28वें मिनट में शनवार खान ने दूसरा गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद जबूरना की टीम वापसी के लिए प्रयास करती रही, लेकिन पूर्वांचल एफसी की मजबूत रक्षापंक्ति के आगे उसके सभी प्रयास विफल साबित हुए। निर्धारित समय तक यही स्कोर कायम रहा और पखनपुरा की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
मैच के दौरान मैदान में मौजूद सैकड़ों दर्शकों ने खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन किया। खेल प्रेमियों के जोश और तालियों से पूरा मैदान गूंजता रहा। रेफरी की भूमिका अब्दुल रशीद ने निष्पक्षता के साथ निभाई, जबकि लाइनमैन के रूप में सेयान उर्फ कल्लू और इरफान ने अपनी जिम्मेदारी संभाली। मैच की रोचक कमेंट्री अरकम सिद्दीकी ने की।
इस अवसर पर पूर्व बीडीसी सरफराज उर्फ डब्ल्यू, पूर्व बीडीसी अनिरुद्ध राम, हमजा खान, सीमा खान, जावेद अख्तर, अब्दुल्लाह सिद्दीकी, इरशाद सिद्दीकी, डॉ. अब्दुल माजिद, अब्दुल बारी, अब्दुल सलाम, मेजर आफताब सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित रहे।










