मुहम्मदाबाद/गाजीपुर। नगर पालिका द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से बनाई जा रही सीवर परियोजना करीब नौ वर्षों बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। मुख्य पाइपलाइन का अंतिम जुड़ाव न होने से नगर के कई इलाकों में गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर के ईदगाह-महादेवा मोड़ मार्ग, रामलीला मैदान और आसपास के क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। सड़क पर गंदा पानी भरने से राहगीरों के साथ-साथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, यूसुफपुर बाजार और तहसील क्षेत्र के नालों का पानी मगई नदी तक पहुंचाने के लिए सीवर नाले का निर्माण कराया जा रहा है। अधिकांश स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने और नालों को जोड़ने का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अग्रसेन तिराहा पर मुख्य लाइन से अंतिम जुड़ाव अब तक नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से चल रही परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जलनिकासी की समस्या दूर नहीं हो सकी है। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और बरसात में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
नगर पालिकाध्यक्ष रईस अंसारी ने बताया कि पाइपलाइन को जोड़ने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है और बरसात से पहले जलनिकासी की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।










