भांवरकोल (गाजीपुर)। विकास खंड भांवरकोल की ग्राम पंचायत सुकडेहरी कला एवं बाठा गांव में सोलर लाइट स्थापना को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पहले से लगी हुई लाइटों को आधार बनाकर नई लाइटों के नाम पर भुगतान कर लिया गया, जबकि मौके पर कोई अतिरिक्त लाइट नहीं लगाई गई।
ग्रामीण नंद जी पांडेय, प्रदीप चौरसिया, कुरन राम, बिगन ओझा एवं पीयूष ओझा ने बताया कि सुकडेहरी कला में पहले से 7 लाइटें तथा बाठा में 7 लाइटें लगी हुई हैं। आरोप है कि इन्हीं लाइटों को दिखाकर भुगतान कर लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की शिकायत ग्राम प्रधान से की गई, लेकिन अब तक कोई नई लाइट नहीं लगाई गई और न ही स्थिति स्पष्ट की गई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मामले को लेकर जब सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अजय मिश्रा से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और तथ्य सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि वित्तीय अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।










