गहमर (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के कारोबीर राईनी गांव में सोशल मीडिया पर की गई विवादित टिप्पणियों और आपत्तिजनक पोस्टों को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में दो पक्षों के कुल 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में नियमित गश्त और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान दो पक्षों के बीच फेसबुक, व्हाट्सएप व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और विवादित संदेश प्रसारित होने की जानकारी मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि चौकी प्रभारी बारा की तहरीर पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री का परीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या विवादित सामग्री साझा न करने की अपील की गई है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल खराब करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










