गाजीपुर। शहर के चर्चित गजल होटल प्रकरण में शनिवार को नया मोड़ सामने आया। टेढ़ी बाजार निवासी अभिषेक अग्रवाल ने एमपी/एमएलए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल कर दावा किया कि गजल होटल जिस भूमि पर निर्मित है, वह उनकी निजी संपत्ति है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी ने उक्त भूमि पर जबरन कब्जा कर होटल का निर्माण कराया था।
शनिवार को मामले की सुनवाई के दौरान विधायक अब्बास अंसारी की ओर से अधिवक्ता ने न्यायालय से समय की मांग की। इसके बाद अभिषेक अग्रवाल ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में पक्ष रखते हुए जमीन पर अपना स्वामित्व दावा प्रस्तुत किया और पूर्व में किए गए आरोपों को दोहराया।
मामले में नए दावेदार के सामने आने से कानूनी विवाद और अधिक जटिल हो गया है। न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अगली सुनवाई के लिए 27 जून की तारीख निर्धारित की है।
गजल होटल की भूमि को लेकर लगातार नए दावे सामने आने से यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। अब जिले भर की निगाहें आगामी सुनवाई पर टिकी हुई हैं, जहां मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों पर न्यायालय में बहस होने की संभावना है।










