गाजीपुर। होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को गाजीपुर पहुंचे और बड़ीबाग स्थित मृतक विनीत राय के आवास पर जाकर परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
मीडिया से बातचीत में अजय राय ने कहा कि विनीत राय की हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या से पहले पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां मिल रही थीं और होटल पर मारपीट तथा तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुई थीं, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि परिजनों ने आरोपित गिरोह के लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, इसके बावजूद उन पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और अपराधियों की मिलीभगत के कारण ही इतनी बड़ी घटना हुई।
अजय राय ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और आम जनता का भरोसा प्रशासन से उठता जा रहा है। उन्होंने कुछ महीने पहले नोनहरा थाने में हुई सियाराम उपाध्याय की मौत का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि उस मामले में भी दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
एक लाख के इनामी बदमाश के एनकाउंटर और उसके बाद हुए पथराव की घटना पर पूछे गए सवाल के जवाब में अजय राय ने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था का प्रतिबिंब कमजोर पड़ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और अपराधियों के बीच बढ़ती नजदीकियां कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी हैं।
हालांकि कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।










