उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य बोले- गाजीपुर एनकाउंटर की होगी जांच, दोषी मिलने पर होगी कार्रवाई

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गाजीपुर एनकाउंटर मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। प्रयागराज में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस को कई बार कठोर कदम उठाने पड़ते हैं। हालांकि यदि किसी मामले में परिजन या अन्य पक्ष शिकायत करता है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाती है। गाजीपुर एनकाउंटर प्रकरण की भी जांच होगी और दोषी पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार सपा के पास नहीं है। प्रदेश की जनता उनके शासनकाल की स्थिति को अच्छी तरह जानती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर केशव मौर्य ने कहा कि देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है। जो वस्तुएं पहले विदेशों से आयात की जाती थीं, आज उनका निर्माण भारत में हो रहा है।

महंगाई और बेरोजगारी को लेकर विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद कुछ राजनीतिक दल स्वयं “बेरोजगार” हो गए हैं, इसलिए वे जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा आगामी चुनावों में जनता एक बार फिर भाजपा पर विश्वास जताएगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!