मुहम्मदाबाद राजस्व टीम ने लालुपुर बाड़ में चकरोड कराया अतिक्रमण मुक्त, 30 वर्षों पुराने विवाद का हुआ अंत

भांवरकोल/गाजीपुर। तहसील क्षेत्र के राजस्व गांव लालुपुर बाड़ में शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से विवादित चकरोड को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी के निर्देश पर पहुंची राजस्व टीम ने जेसीबी मशीन लगवाकर चकरोड पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। इस कार्रवाई के बाद करीब 30 वर्षों से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार चकरोड संख्या-11, रकबा 0.101 हेक्टेयर भूमि सरकारी अभिलेखों में चकरोड के नाम दर्ज है। इस भूमि को लेकर दिनानाथ चौधरी और महातीम सिंह यादव पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश और सीमांकन का प्रयास किया गया, लेकिन विरोध के चलते कार्रवाई अधूरी रह जाती थी।

शुक्रवार को राजस्व निरीक्षक कंगल राम के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची। टीम में क्षेत्रीय लेखपाल संतोष कुमार राय, रविकांत सिंह और अखिलेश कुमार शामिल रहे। अधिकारियों ने पूरे चकरोड का सीमांकन कराया और जेसीबी मशीन से चकरोड की जद में आ रहे विद्युत पोल, निष्प्रयोज्य खंभे, सरपत और अन्य अवरोधों को हटवाकर रास्ता खाली कराया।

प्रशासनिक कार्रवाई के बाद वर्षों से बंद पड़े चकरोड पर आवागमन बहाल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद गांव का पुराना विवाद समाप्त हुआ है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!