भाजपा नेता विशाल राय ने दो मामलों में एफआईआर की मांग, उदयनिधि स्टालिन और सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी की कथित टिप्पणियों पर जताई आपत्ति

मुहम्मदाबाद/गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के मोहम्मदाबाद देहात मंडल उपाध्यक्ष विशाल राय ने बुधवार को मोहम्मदाबाद कोतवाली पहुंचकर दो अलग-अलग प्रार्थना पत्र देते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की। भाजपा नेता ने धार्मिक भावनाएं आहत करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली कथित टिप्पणियों को लेकर कार्रवाई की मांग उठाई।

पहले प्रार्थना पत्र में विशाल राय ने तमिलनाडु सरकार के मंत्री उदयनिधि स्टालिन पर सनातन धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बयान करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं और समाज में तनाव की स्थिति उत्पन्न कर सकते हैं। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

वहीं दूसरे प्रार्थना पत्र में भाजपा नेता ने महोबा सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। विशाल राय ने कहा कि इस तरह के बयान से आम लोगों की भावनाएं प्रभावित होती हैं और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका रहती है।

भाजपा नेता ने प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप से दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान होना चाहिए, लेकिन किसी भी धर्म, समाज या संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के प्रति अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।

इस मौके पर भाजपा मोहम्मदाबाद देहात मंडल अध्यक्ष आलोक शर्मा, मनीष जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्यारे मोहन यादव, पूर्णेन्दु राय, सुरेश चंद्र गिरी, विनोद यादव, नंदलाल राम सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!