चंदनी गांव में आरसीसी निर्माण से पहले उठे सवाल, आईजीआरएस से जांच की मांग

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विकासखंड क्षेत्र के चंदनी गांव में प्रस्तावित आरसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव निवासी प्रशांत राय ने निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से जांच की मांग की है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि भगवती माता मंदिर से वशिष्ठ राय के घर तक प्रस्तावित आरसीसी सड़क निर्माण से पहले जो गिट्टी गिराई गई है, वह मानक के अनुरूप नहीं है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि सचिव द्वारा आरसीसी निर्माण का स्वीकृत इस्टीमेट सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।

इस संबंध में ग्राम सचिव सतीश कुशवाहा ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कार्य स्वीकृत इस्टीमेट के अनुसार ही कराया जा रहा है और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विकासखंड अधिकारी जसवंत राव ने भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य स्वीकृत मानकों के अनुरूप ही कराया जाएगा।

वहीं, संबंधित जेई सहजा राय से संपर्क किया गया तो वह खुद ही मीडिया से सवाल पुछने लगें तो इससे साफ जाहिर है कि सहजा राय आरसीसी अनियमितता कि शिकायत को कितना गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार किया‌ और फोन काट दिया। मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है और अब सभी की निगाहें प्रस्तावित जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

 

और पढ़ें

error: Content is protected !!