गाजीपुर। होली पर्व से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद में सघन विशेष अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी गाजीपुर के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) डॉ० दिनेश कुमार के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
अभियान के तहत 16 फरवरी 2026 को सैदपुर के मितरी बाजार स्थित मेसर्स रामजी किराना स्टोर से मस्टर्ड ऑयल (सलोनी ब्रांड) का नमूना संग्रहित किया गया।
17 फरवरी 2026 को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करते हुए महुआबाग स्थित मेसर्स वेरायटी जनरल स्टोर से Cow Ghee (Gits ब्रांड), गोलाघाट स्थित मेसर्स राजेन्द्र एण्ड सन्स से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल (फॉर्च्यून ब्रांड), कोटिया चट्टी मुहम्मदाबाद स्थित मेसर्स गोपाल इंटरप्राइजेज से दानेदार घी (मुग्ध ब्रांड), नवापुरा मोड़ युसुफपुर स्थित मेसर्स मोना स्वीट्स से छेना मिठाई तथा बलुआ टप्पा कठउत, हरिहरपुर स्थित प्रतिष्ठान से नमकीन (मोटू राम ब्रांड) का नमूना लिया गया।
संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आर०सी० पाण्डेय एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचन्द गुप्त के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों बिपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविन्द प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं विरेन्द्र यादव की टीम द्वारा की गई।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर सख्ती से नजर रखी जाएगी और आमजन को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।










