रिपोर्ट:- संवाददाता चंदन पांडेय।
गाजीपुर। मुहम्मदाबाद क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर खुर्द स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में गुरुवार को नौ कुंडीय महामृत्युंजय महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
महायज्ञ के शुभारंभ से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा में हाथी, घोड़े और बैंड-बाजे शामिल रहे। सुबह से ही यज्ञशाला परिसर में महिलाओं, कन्याओं और पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कलश धारण किए श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ शेरपुर खुर्द गांव की परिक्रमा करते हुए शेरपुर कला के प्रमुख मार्गों से गुजरे।

यात्रा यज्ञशाला से प्रारंभ होकर शेरपुर स्थित मां गंगा घाट पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने कलश में गंगाजल भरकर पुनः जयकारों के साथ यज्ञ मंडप के लिए प्रस्थान किया। इसी के साथ नवकुंडीय महामृत्युंजय महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया।
महायज्ञ के अध्यक्ष एवं राजगुरु मठ वाराणसी के पीठाधीश्वर अनंत आनंद सरस्वती महाराज ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यज्ञ से पर्यावरण की शुद्धि के साथ-साथ मानव का तन और मन भी पवित्र होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यज्ञ मंडप में पहुंचकर परिक्रमा करने, पूजा-पाठ में भाग लेने तथा प्रवचन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गोवर्धन शर्मा, नरेंद्र भार्गव, इंद्रजीत मिश्र, मृत्युंजय शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, रामानंद जी, लल्लन राय, धर्मेंद्र राय, हेमनाथ राय, रमेश राय, राजेश राय ‘बागी’, मिथिलेश राय, रामबली राय, आनंद राय, ओमप्रकाश राय, डॉ. आलोक राय, जयानंद राय, अमरनाथ राय, धनंजय राय, राहुल राय, सुदामा यादव, जयप्रकाश राय, नरेंद्र राय, दीपू राय, संजीव राय, आशीष राय, अंजनी राय, बब्बू राय, सौरभ राय, रोशन राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और क्षेत्र श्रद्धा व आस्था के रंग में रंगा नजर आया।










