मुहम्मदाबाद में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सोमेश्वर महादेव मंदिर में दिनभर जलाभिषेक

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद इलाके में महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरा वातावरण शिवमय हो गया। बैजलपुर स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर में भोर से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा।

भोर की आरती के बाद जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ, जो पूरे दिन चलता रहा। श्रद्धालु गंगा स्नान कर जल लेकर बाबा सोमेश्वर नाथ का अभिषेक करने पहुंचे। मंदिर परिसर में मेला भी लगा, जो देर शाम तक चलता रहा। शाम को आचार्य पंडित अभिषेक तिवारी की देखरेख में विशेष पूजन-अर्चन एवं विवाहोत्सव कार्यक्रम संपन्न हुआ।

नगर के तिवारी टोला स्थित नर्वदेश्वर महादेव मंदिर, तहसील परिसर शिव मंदिर, अहिरौली, तमलपुरा, सुरतापुर, कुंडेसर, गौसपुर सुल्तानपुर और फिरोजपुर के शिवालयों में भी जलाभिषेक के लिए भारी भीड़ देखी गई।

यूसुफपुर बाजार के रमेश गुप्ता ने बताया कि बचपन से ही उनकी बाबा सोमेश्वर नाथ में आस्था है। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाषचंद्र सिंह यादव ने कहा कि बाबा की कृपा से ही सब संभव है। वहीं पूर्व सभासद संगीता गुप्ता ने भी बाबा को अपना आराध्य बताते हुए श्रद्धा व्यक्त की।

मंदिर में उमड़ी भीड़ को देखते हुए राजेश त्रिपाठी (प्रभारी निरीक्षक, मुहम्मदाबाद कोतवाली) एवं उप निरीक्षक रामाश्रय यादव पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे और व्यवस्था संभाली। प्रशासन की सतर्कता के बीच महाशिवरात्रि का पर्व शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।

और पढ़ें

error: Content is protected !!