भांवरकोल (गाजीपुर)। शेरपुर खुर्द में विश्व कल्याण और विश्व शांति की कामना से 19 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक श्री महामृत्युंजय महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन स्थल हनुमान मंदिर परिसर रहेगा, जहां तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
महायज्ञ का पावन संचालन परम संत श्री अनंतानंद जी महाराज (पीठाधीश्वर, राजगुरु मठ) के दिव्य सान्निध्य में होगा। 19 फरवरी की प्रातः भव्य कलश यात्रा और शोभा यात्रा निकलेगी, जिसके साथ पूरा क्षेत्र जयकारों से गुंजायमान होगा। इसके बाद पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, अरणी मंथन और अग्नि प्राकट्य जैसे वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
महायज्ञ के दौरान अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध कथावाचक पंडित दिनेश गौतम एवं महामंडलेश्वर बिजय दास जी (अयोध्या) प्रतिदिन प्रवचन देंगे। 27 फरवरी को यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजकों के अनुसार यज्ञ का उद्देश्य विश्व शांति की स्थापना, प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण है। श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यज्ञ के दौरान प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन भी होगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है।










