संवाददाता – त्रिलोकी नाथ राय
भांवरकोल/गाजीपुर। स्थानीय भाँवरकोल विकास खण्ड के बीआरसी परिसर में ग्राम प्रधानों और प्रधानाध्यापकों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनन्द राय तथा विशिष्ट अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी रविन्द्र सिंह रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक, संबंधित ग्राम सभाओं के ग्राम प्रधान तथा स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, विद्यालयों और ग्राम पंचायतों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा शासन की विभिन्न शैक्षिक एवं विकासात्मक योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। मुख्य अतिथि आनन्द राय ने आश्वासन दिया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्यालयों के विकास में निरंतर सहयोग दिया जाएगा और बीआरसी परिसर के कायाकल्प को प्राथमिकता दी जाएगी।
खण्ड शिक्षा अधिकारी रवीन्द्र सिंह ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, छात्र उपस्थिति बढ़ाने तथा ग्राम पंचायतों के सहयोग से विद्यालय विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 विद्यालयों, दो दिव्यांग बच्चों तथा जनपद स्तर पर गणित क्विज में द्वितीय स्थान प्राप्त जसदेवपुर के छात्र को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की सफलता में एआरपी अमित राय और नसीम अंसारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुखडेहरा के ग्राम प्रधान लाल बहादुर कन्नौजिया ने की तथा संचालन मु. आलिम हुसैन ने किया।
इस अवसर पर अशोक राय, राजेश यादव, अम्बिका राम, मोज़म्मिल अंसारी, प्रीतू रंजन, अली हुसैन अंसारी, रीतू राय, शोभा कुमारी, ज्योति राय, ग्राम प्रधान इरशाद अहमद, समीर पासवान, संजय कुमार, शिक्षक रमाशंकर यादव, पंकज पाण्डेय, तुलसी प्रसाद, यशपाल सिंह, मनीष विशेन, शशिभूषण श्रीवास्तव, रत्नाकर द्विवेदी, सलाहुद्दीन, राकेश यादव और धर्मेन्द्र कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।










