पखनपुरा घर में लगी आग, अकेली बुजुर्ग महिला की गृहस्थी का सामन जलकर खाक

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद इलाके के भांवरकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत पखनपुरा गांव में सोमवार दोपहर एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में सरस्वती देवी (पत्नी स्व. श्रीकांत गुप्ता) का पूरा घर-गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।

बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के समय सरस्वती देवी किसी काम से दूसरे मोहल्ले में गई हुई थीं। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों ने बाल्टियों और पानी की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।

आग की चपेट में आने से चौकी, पलंग, बिस्तर, तोशक, गद्दा, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। पीड़िता सरस्वती देवी घर में अकेली रहती हैं, जबकि उनके दो नाती दिल्ली में काम करते हैं।

लेखपाल संतोष राय ने फोन पर बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल चुकी है और वह ग्राम प्रधान से नुकसान की रिपोर्ट लेंगे। वहीं, मुहम्मदाबाद तहसीलदार महेंद्र बहादुर ने आश्वासन दिया कि नुकसान का आकलन कर पीड़िता को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!