50 हजार का इनामी अपराधी विशाल यादव दो साथियों समेत गिरफ्तार

गाजीपुर। कासिमाबाद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी विशाल यादव उर्फ छोटक को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 9 और 10 फरवरी की रात टोडार गांव में चेकिंग के दौरान की गई। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल यादव, सौरभ यादव और धनंजय राजभर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विशाल यादव उर्फ छोटक कासिमाबाद थाना क्षेत्र के शंकरपुर दुल्लहपुर का निवासी है और हत्या सहित कई गंभीर मामलों में वांछित था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने विशाल यादव और सौरभ यादव को मौके से पकड़ा, जबकि तीसरे आरोपी धनंजय राजभर को उसके गांव बेलसड़ी से गिरफ्तार किया गया।

तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल और कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुख्य आरोपी विशाल यादव के खिलाफ गाजीपुर के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!