भांवरकोल/गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल अवथही की ओर से बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विद्यालय के अध्यापकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के सहयोग से आयोजित यात्रा में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण 50 मीटर लंबा तिरंगा और हाथों में सैकड़ों तिरंगे लिए विद्यार्थियों की टोली रही। शहीद देशभक्तों और वीरांगनाओं की वेशभूषा में सजे बच्चों ने यात्रा का नेतृत्व किया। देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्र के प्रति निष्ठा, तिरंगे के प्रति सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों के सर्वोच्च बलिदान के प्रति श्रद्धा की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक जागरूकता, आपसी समरसता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प भी लिया गया।
तिरंगा यात्रा विद्यालय के मैनेजर भानु प्रताप राय, प्रिंसिपल पंकज राय और वाइस प्रिंसिपल ज्योति शर्मा की देखरेख में आयोजित हुई। इसमें विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने सहयोग किया।










