मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय, मुहम्मदाबाद के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा निकाली। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. के. एस. पांडेय के नेतृत्व में निकली यह यात्रा देशभक्ति के नारों के बीच महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई।
तिरंगा यात्रा वकीलबाड़ी और बस स्टैंड मार्ग से होते हुए तहसील परिसर स्थित शहीद पार्क पहुंची। यहां शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं क्षेत्र के गौरव शहीद डॉ. शिवपूजन राय और वंशनारायण राय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. एस. के. एस. पांडेय ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का एक माध्यम है। उन्होंने सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर आजादी के अमृत मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का उत्साह और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना देखने को मिली।










