भांवरकोल के तीन टप्पेबाज आजमगढ़ में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

भांवरकोल (गाजीपुर)। आजमगढ़ पुलिस ने महिलाओं को कागज की गड्डी को रुपये की गड्डी बताकर आभूषण व नकदी ठगने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में भांवरकोल थाना क्षेत्र के सुखडेहरा गांव निवासी मुकेश यादव (25) और विकास यादव (22) तथा कुसनपुरा (किशुनपुरा) निवासी कमलेश राम शामिल हैं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुकेश और विकास के पैर में गोली लगी, जबकि कमलेश को मौके से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरोह गाजीपुर, आजमगढ़ और मऊ में टप्पेबाजी करता था। 13 अगस्त की रात तरवां में घेराबंदी के दौरान मुकेश को गोली लगी, जबकि फरार विकास को रात करीब 12 बजे मेंहनगर क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने मऊ के चिरैयाकोट, आजमगढ़ के तरवां और गाजीपुर के दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन के सामने टप्पेबाजी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने दो .315 बोर तमंचे, दो कारतूस, पल्सर बाइक, 6,500 रुपये नकद और मंगलसूत्र, पायल, चेन, झुमके समेत कई आभूषण बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!