गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और ओवरस्पीडिंग से होने वाली जनहानि रोकने के लिए गाजीपुर पुलिस ने यातायात नियमों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जनपद को मिले दो आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल के माध्यम से यातायात पुलिस ने प्रवर्तन के साथ लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 5172 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 635 वाहनों का चालान करते हुए कुल 9.09 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। इनमें ओवरस्पीडिंग के 52, हेलमेट न लगाने पर 347 और रांग साइड के चार चालान शामिल हैं। वायु प्रदूषण के मामले में भी एक वाहन का चालान किया गया, जबकि छह वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर चल रहे अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्र, क्षेत्राधिकारी यातायात और प्रभारी निरीक्षक यातायात के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रवर्तन कार्रवाई के साथ आमजन को यातायात नियमों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।










