मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। बरसात के दौरान विद्युत खंभों में करंट उतरने की आशंका को देखते हुए मुहम्मदाबाद बिजली विभाग ने एहतियाती कदम उठाए हैं। सड़क किनारे लगे एचटी लाइन के खंभों और उनके सपोर्ट वायर (छरकी) को प्लास्टिक तिरपाल से सुरक्षित किया जा रहा है, ताकि नमी के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।
विभाग ने महादेवा मोड़ से सोमेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले मार्ग पर खंभों और छरकी को तिरपाल से ढकने का काम कराया है। इसके अलावा अन्य सार्वजनिक रास्तों पर भी संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
बरसात में खंभों में करंट उतरने की घटनाएं सामने आने के बाद विभाग ने यह पहल की है। क्षेत्र में पहले पशुओं के करंट की चपेट में आने की घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।
एसडीओ अमित राय ने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान विद्युत खंभों और उनके सपोर्ट वायर से दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से सुरक्षा के जरूरी उपाय किए जा रहे हैं, लेकिन सावधानी बरतना आम लोगों के लिए भी बेहद जरूरी है।










