मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बरेजी गांव स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास बकरी चरा रही एक मूकबधिर किशोरी के कथित अपहरण के मामले में कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक दोनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इसको लेकर क्षेत्र में लोगों में नाराजगी है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जाता है कि घटना के दिन अपाचे बाइक पर सवार दो युवक किशोरी को जबरन अपने साथ ले गए थे। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर मुकदमा दर्ज कराया था। बावजूद इसके, अब तक दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस शुरू से ही तेजी और गंभीरता के साथ कार्रवाई करती तो आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकती थी। लोगों ने मुहम्मदाबाद कोतवाल की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।










