मिश्रवलिया-वीरभानपुर मार्ग बना दलदल, टूटे ह्यूम पाइप और गड्ढों ने बढ़ाया हादसों का खतरा, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा…

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के मिश्रवलिया से वीरभानपुर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाली की चरम सीमा पर पहुंच गया है। सड़क पूरी तरह गहरे गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जबकि जगह-जगह टूटे ह्यूम पाइप राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। बारिश के कारण सड़क दलदल में बदल गई है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का मुख्य रास्ता है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, किसानों, महिलाओं और मरीजों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टूटे ह्यूम पाइप कभी भी किसी बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मौन बना हुआ है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद लोक निर्माण विभाग, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों ने इस गंभीर समस्या की सुध नहीं ली। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क और ह्यूम पाइप की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत और टूटे ह्यूम पाइप बदलवाने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!