भांवरकोल/गाजीपुर। पखनपुरा गांव में आयोजित मरहूम अब्दुल वाजिद प्रधान स्मृति राज्य स्तरीय रात्रि फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। फाइनल मैच में जहांगीरिया फुटबॉल क्लब उसिया ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पूर्वांचल फुटबॉल क्लब पखनपुरा को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं साक्षी ट्रेडर्स के स्वामी अजय राय ने फीता काटकर किया। फाइनल मुकाबला देखने के लिए मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा।
मैच के पहले हाफ के 22वें मिनट में जहांगीरिया क्लब के स्टार खिलाड़ी मसिहुज्जमा उर्फ मटरु ने शानदार व्यक्तिगत कौशल का प्रदर्शन करते हुए दो खिलाड़ियों को छकाकर गेंद को सीधे गोलपोस्ट में पहुंचा दिया और अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। गोल होते ही दर्शकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
दूसरे हाफ में पूर्वांचल क्लब ने बराबरी के लिए कई आक्रामक प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। 29वें मिनट में एक बार फिर मसिहुज्जमा उर्फ मटरु को शानदार पास मिला, जिसे उन्होंने बिना समय गंवाए गोल में तब्दील कर दिया। इस गोल के साथ जहांगीरिया क्लब ने 2-0 की निर्णायक बढ़त बना ली और अंत तक यही स्कोर कायम रहा।
प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जहांगीरिया क्लब के मसिहुज्जमा उर्फ मटरु को तथा मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार पूर्वांचल क्लब के खिलाड़ी सनवर को प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि अजय राय ने खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मैच की कमेंट्री मोहम्मद अकरम एवं इमाद हाफिज ने की, जबकि निर्णायक की भूमिका अब्दुल रशीद ने निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ निभाई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सुहैब अंसारी उर्फ मन्नू अंसारी, प्रधान बदरूज्जमा, नूर मोहम्मद कारी, मौलाना जलालुद्दीन, मौलाना कमालुद्दीन, अनिरुद्ध, हफीजुल्लाह सिद्दीकी, बीडीसी मेजर खलील, मोहम्मद तारिक सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।










