गाजीपुर। राइफल क्लब गाजीपुर में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जनपद के विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद अफजाल अंसारी ने की। इस दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में विधायक सुहैब अंसारी उर्फ मन्नू अंसारी ने अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए एनएच-31 पर प्रतिदिन लगने वाले जाम, बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं जनहानि के मुद्दे पर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए आम जनता को राहत दिलाने की आवश्यकता बताई।
विधायक ने क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, जर्जर विद्युत तारों, ओवरलोडिंग तथा ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि न होने से किसानों एवं उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों को भी प्रमुखता से रखा।इसके अलावा नोनहरा-यूसुफपुर मार्ग सहित विभिन्न जर्जर सड़कों के शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत की मांग की गई। बैठक में पात्र लाभार्थियों को पेंशन योजनाओं का लाभ न मिलने की समस्या भी उठाई गई, जिस पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सांसद अफजाल अंसारी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा विकास योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर मंथन हुआ और संबंधित विभागों को जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।










