रिपोर्ट ग्यासुद्दीन:- भांवरकोल। थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव में एक आवारा पागल कुत्ते के आतंक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बीती रात से लेकर शनिवार सुबह करीब 10 बजे तक कुत्ते ने गांव में घूम-घूमकर आधा दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बना लिया। घायल ग्रामीणों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार भूरे रंग का यह कुत्ता पिछले दो दिनों से लोगों पर भौंक रहा था और असामान्य व्यवहार कर रहा था। शनिवार को वह अचानक आक्रामक हो गया और गांव की गलियों में घूमकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों तथा युवाओं पर हमला कर उन्हें काटने लगा।
पागल कुत्ते के हमले में शमीम अहमद, वीरेंद्र रावत, हाजी मेराज अहमद, रेशमा बानो, आशु राजभर, जयनाथ तथा मुन्नीलाल मुसहर समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद में इलाज कराया जा रहा है।
लगातार हमलों से परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों के सहारे कुत्ते को मार दिया, जिससे गांव में और किसी के घायल होने की आशंका समाप्त हो सके। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बना रहा।










