*करीमुद्दीनपुर के दंपती की बलिया में सड़क हादसे में मौत, तीन बच्चे हुए अनाथ…*

रसड़ा/बलिया। बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के एक दंपती की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पैकौली पातेपुर गांव निवासी विनोद प्रजापति (35) अपनी पत्नी मुन्नी देवी (30) का इलाज कराने मऊ गए थे। उपचार के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रसड़ा-मऊ मार्ग पर गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस से पीछे से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। दंपती की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक विनोद अपने पीछे दो बेटियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!