दिलदारनगर/गाजीपुर। दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर एक 10 वर्षीय बालक के ट्रेन में छूट जाने से परिजनों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजन बच्चे की तलाश में जुटे हैं, वहीं रेलवे पुलिस भी उसकी खोजबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार बिहार के पटना जनपद के आलमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गायघाट निवासी मीरा देवी अपने पुत्र प्रेम कुमार, पुत्री सुशीला देवी तथा 10 वर्षीय नाती राजन के साथ 13201 राजगीर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से दिलदारनगर स्थित सायर माता मंदिर में दर्शन करने आ रही थीं।
बताया जाता है कि ट्रेन रात करीब तीन बजे दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पहुंची। इसी दौरान ट्रेन से उतरते समय मीरा देवी का 10 वर्षीय नाती राजन (पुत्र अशोक साहनी) ट्रेन में ही छूट गया। जब तक परिजनों को इसकी जानकारी हुई, तब तक ट्रेन स्टेशन से आगे बढ़ चुकी थी।
घटना के बाद परिजनों ने दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से लेकर प्रयागराज तक बच्चे की तलाश शुरू कर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
परिजनों ने मामले की सूचना तत्काल दिलदारनगर जीआरपी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस सक्रिय हो गई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई।
दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार पटेल ने बताया कि बालक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। ट्रेन के मार्ग में पड़ने वाले सभी रेलवे स्टेशनों और संबंधित जीआरपी चौकियों को सूचना भेज दी गई है। पुलिस बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।










