गाजीपुर। होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड के आरोपी कमलेश बिंद के एनकाउंटर के बाद सियासत तेज हो गई है। सांसद अफजाल अंसारी ने रविवार को कमलेश बिंद के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कमलेश को बिहार से पकड़कर लाया गया और बाद में फर्जी मुठभेड़ दिखाकर मार दिया गया।
मीडिया से बातचीत में अफजाल अंसारी ने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की CBI जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड, कमलेश बिंद एनकाउंटर और एनकाउंटर के बाद गांव में हुई पुलिस कार्रवाई, तीनों मामलों की स्वतंत्र जांच की मांग की।
सांसद ने आरोप लगाया कि एनकाउंटर के बाद पुलिस ने गांव में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया और घरों में तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कटरा गैंग के अस्तित्व और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ऐसा गिरोह सक्रिय था तो पुलिस और खुफिया एजेंसियां पहले क्यों अनजान थीं।
अफजाल अंसारी ने कहा कि किसी भी आरोपी को सजा देने का अधिकार न्यायपालिका का है और कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।










